गोरखपुर। बस्ती जनपद में एक हिस्ट्रीशीटर को मनोनीत जनप्रतिनिधि बनाए जाने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। हरैया थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर दीपक चौहान वार्ड नंबर-3 से सभासद मनोनीत किया गया है।
दीपक चौहान के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इस नियुक्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार, वर्तमान थानाध्यक्ष द्वारा दीपक चौहान की हिस्ट्रीशीट खोली गई थी, जिससे उसके आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि होती है।
इसके बावजूद उसे जनप्रतिनिधि बनाए जाने पर स्थानीय लोगों और राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ऐसे व्यक्तियों को जिम्मेदार पद देने से कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जबकि कुछ लोग इसे प्रशासनिक निर्णय बता रहे हैं। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।







