गाजीपुर । दुल्लहपुर स्थित कृणा मैरेज हॉल में रविवार, 22 मार्च 2026 को आम जनता पार्टी (सोशलिस्ट) द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम लगभग 3 बजे तक चला, जिसमें स्वर्गीय राजकुमार चौहान की गोरखपुर में हुई हत्या के विरोध में न्याय की मांग को लेकर आवाज बुलंद की गई।
पार्टी ने इस मामले की सीबीआई जांच कराने, दोषियों को फांसी की सजा दिलाने तथा पीड़ित परिवार को 5 करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चौहान ने 17 मार्च को हुई इस हत्या को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर न्याय की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एडवोकेट ओमकार चौहान ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अन्याय और अपराध के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करना समय की मांग है। प्रदेश प्रभारी धर्मराज चौहान ने पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आम जनता पार्टी (सोशलिस्ट) हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है।
प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में चौहान समाज के लगभग 70 लोगों की हत्या हो चुकी है, लेकिन समाज अब तक पूरी तरह संगठित नहीं हो पाया है। उन्होंने समाज के लोगों से जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सलाहकार नन्दलाल चौहान ने की, जबकि उद्घाटन एडवोकेट ओमकार चौहान ने किया। इस दौरान डॉ. विनय कुमार सिंह चौहान, डॉ. हरिकेश चौहान, रामचरन चौहान, राजकुमार चौहान (मऊ) और हिटलर विश्वकर्मा सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।अंत में स्व. राजकुमार चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया और न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
चन्दन पांडेय दुल्लहपुर रिपोर्टिंग गाजीपुर।



