मिर्जापुर । 20 जून 2026 माननीय सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मिर्जापुर के निर्देशानुसार बेसिक शिक्षा एवं महिला कल्याण विभाग के समन्वय से कंपोजिट विद्यालय रतनगंज में ‘शिक्षा के अधिकार’ विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों को शिक्षा के अधिकार तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

महिला कल्याण विभाग की डॉ. मंजू यादव ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जन्म से लेकर स्नातक स्तर तक बालिकाओं को विभिन्न चरणों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, निराश्रित महिला पेंशन, वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शक्ति सदन, महिला सशक्तिकरण हब तथा निःशुल्क कानूनी सहायता सहित अन्य योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया।

जिला समन्वयक सामुदायिक शिक्षा अरविंद कुमार गौतम ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करना उसका संवैधानिक अधिकार है और सरकार इसे सुनिश्चित करने के लिए अनेक निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। महिला सशक्तिकरण हब की दिव्या जायसवाल ने योजनाओं से संबंधित पंपलेट, स्टिकर एवं बुकलेट वितरित किए।

कार्यक्रम में किशोरियों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता के तहत सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।प्रधानाध्यापक प्रशांत कुमार सिंह ने अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने का आह्वान किया तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






