बलिया । जनपद के पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने शनिवार को थाना चितबड़ागांव में जीर्णोद्धारित मिशन शक्ति केंद्र एवं पुलिस सहायता केंद्र के नव निर्मित द्वितीय तल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने थाने का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, शस्त्रागार तथा अभिलेखों के रख-रखाव की समीक्षा की। उन्होंने यक्ष ऐप के माध्यम से ग्राम एवं मोहल्लों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया, साइबर अपराध से संबंधित कार्यों तथा कार्यालयी रजिस्टरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित कर्मियों से जानकारी प्राप्त कर रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में मौजूद आरक्षियों, प्रशिक्षु आरक्षियों तथा महिला आरक्षियों के कार्यों का भी निरीक्षण किया और उन्हें अनुशासन, जनसुनवाई तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर/लाइन अक्षय कुमार, पीआरओ कौशल कुमार पाठक, थानाध्यक्ष चितबड़ागांव बृजेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।






