वाराणसी । टीजीटी परीक्षा में अभ्यर्थियों के स्थान पर साल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले गिरोह के खिलाफ चेतगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो वांछित अभियुक्तों को चौकाघाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
एसीपी चेतगंज एवं थाना प्रभारी चेतगंज के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना और सर्विलांस टीम की सहायता से आरोपियों को दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धीरेन्द्र कुमार (31 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय हरदेव, निवासी जनपद बलिया तथा गिरिजा शंकर (41 वर्ष), पुत्र रामनाथ, निवासी जनपद बलिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी टीजीटी परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों को बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले गिरोह से जुड़े हुए हैं और काफी समय से वांछित चल रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से दो मोबाइल फोन तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी लहुराबीर विकल शाण्डिल्य, चौकी प्रभारी चेतगंज वैभव शुक्ला, कांस्टेबल रितिक राज, अनुज कुमार, प्रशांत तिवारी तथा सर्विलांस सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।






