गाजीपुर । शादियाबाद थानाक्षेत्र के कस्बा दयालपुर में बीती देररात तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंद दिया और ट्रैक्टर वहीं छोड़कर चालक फरार हो गया। घटना में अधेड़ बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम को खत्म कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्र के हुसैनपुर निवासी 40 वर्षीय प्रभु बिंद पुत्र स्व. रामकरन बिंद बाइक से बीती रात घर जा रहे थे।
अभी वो कस्बा दयालपुर पहुंचे थे कि तभी मिट्टी लादकर तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को रौंद दिया और चालक मौके से फरार हो गया। जिसमें अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और वहीं पर चक्काजाम कर दिया। वो चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग कर रहे थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें समझाया।
इधर घटना का पता चलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वो अपने पीछे पत्नी सहित 2 पुत्र व 1 पुत्री छोड़ गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।




