सुलतानपुर। पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जयसिंहपुर क्षेत्र में पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ी भीड़ के बाद एसडीएम प्रभात कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण चतुर्वेदी स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
दोनों अधिकारियों ने बरौंसा स्थित पेट्रोल पंप पर उपभोक्ताओं से बातचीत कर उन्हें अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। निरीक्षण के दौरान पंप पर लगभग 8,000 लीटर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध पाया गया, जिससे किसी भी प्रकार की किल्लत की बात गलत साबित हुई। ✔️
एसडीएम ने निर्देश दिया कि कोई भी व्यक्ति ड्रम या अन्य बर्तनों में ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करे। वहीं क्षेत्राधिकारी ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की सक्रियता के बाद स्थिति सामान्य होती दिखाई दी और लोगों में भरोसा बढ़ा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदेश और देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है तथा आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है।








