Search
Close this search box.

आहिमामऊ में अवैध अड्डों से जाम, ट्रैफिक अभियान पर उठे सवाल

लखनऊ ।में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर इन दिनों दोहरी तस्वीर देखने को मिल रही है। एक ओर रवीना त्यागी के नेतृत्व में ट्रैफिक सुधार के लिए सख्त अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर आहिमामऊ अंडरपास के नीचे हालात पूरी तरह अव्यवस्थित बने हुए हैं। यहां अवैध डग्गामार बसों, ई-रिक्शा और अर्टिगा जैसे चार पहिया वाहनों का खुलेआम अड्डा संचालित हो रहा है, जिससे रोजाना भारी जाम की स्थिति पैदा हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास के नीचे अनौपचारिक बस स्टैंड और ई-रिक्शा स्टैंड बन गया है, जहां सड़क किनारे सवारियां भरी जाती हैं। इसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और आवागमन बाधित हो जाता है। इस अव्यवस्था का सबसे ज्यादा असर आम जनता, स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आपातकालीन सेवाओं पर पड़ रहा है, यहां तक कि एम्बुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं।

आरोप यह भी है कि ट्रैफिक विभाग की सख्ती के बावजूद यह अवैध संचालन जारी है और इसमें स्थानीय स्तर पर मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इन वाहनों से जुड़े संचालकों से हर महीने वसूली की चर्चा भी हो रही है, जिससे कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।

ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब पूरे शहर में ट्रैफिक सुधार अभियान चल रहा है, तो आहिमामऊ में यह अव्यवस्था किसके संरक्षण में फल-फूल रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर लौट सके।

Leave a Comment

और पढ़ें