गाजीपुर। जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक ओमप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह समेत कई विधायक, ब्लाक प्रमुख और सदस्य शामिल रहे।
जनप्रतिनिधि की भूमिका पर जोर
बैठक की शुरुआत जनप्रतिनिधियों के स्वागत से हुई, जिसके बाद अध्यक्ष ने सभी से परिचय लिया। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में जनप्रतिनिधियों की अहम जिम्मेदारी होती है और सभी को मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।
विकास कार्य में तेजी के निर्देश
अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सिंचाई और किसानों से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही कहा कि बिजली बिल और चेकिंग के नाम पर किसी को बेवजह परेशान न किया जाए।
मनरेगा और आवास योजनाओं पर चर्चा
मनरेगा की समीक्षा में बताया गया कि लक्ष्य लगभग पूरा हो चुका है, जिस पर अध्यक्ष ने इसे और बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास योजनाओं में विधवा और दिव्यांगों को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
सड़क और किसान योजनाओं पर फोकस
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधूरे कार्य जल्द पूरा कराने और हर ब्लॉक में किसान कल्याण केंद्र खोलने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
अनेक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा
बैठक में रोजगार, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, सामाजिक कल्याण, छात्रवृत्ति, पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
समस्याओं के समाधान का आश्वासन
मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने आश्वासन दिया कि बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण किया जाएगा।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।







