वाराणसी। शहर के गौदोलिया स्थित काशीधाम मार्ग पर आस्था और खतरे का चिंताजनक संगम देखने को मिल रहा है। यहां स्थित अति प्राचीन “बड़ा देव बाबा” मंदिर, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इन दिनों गंभीर जोखिम के साए में है। मंदिर के प्रवेश द्वार के ठीक ऊपर बिजली विभाग द्वारा लगाया गया भारी ट्रांसफार्मर कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

श्रद्धालु जहां मंदिर के द्वार पर खड़े होकर पूजा-अर्चना करते हैं, वहीं उनके सिर के ऊपर यह ट्रांसफार्मर लटकता हुआ साफ दिखाई देता है। यह स्थिति न केवल विभागीय लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ भी प्रतीत होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस खतरे से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।विशेषज्ञों के अनुसार बरसात या तकनीकी खराबी की स्थिति में यह ट्रांसफार्मर कभी भी बड़ा हादसा कर सकता है।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या प्रशासन किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? अब आवश्यकता है कि बिजली विभाग तुरंत संज्ञान लेते हुए ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करे, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।










