नोएडा/जेवर: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रथम चरण के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों को डबल इंजन सरकार की देन बताया। उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट की आधारशिला 25 नवंबर 2021 को रखी गई थी और आज उसी परियोजना का उद्घाटन भी उनके कर कमलों से हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की कार्यशैली स्पष्ट है—जिस परियोजना का शिलान्यास किया जाता है, उसका उद्घाटन भी सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा, “यह डबल इंजन सरकार की स्पीड है, जहां योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतरती हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जेवर एयरपोर्ट न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, जो रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रदेश के विकास में मील का पत्थर बताया।










