वाराणसी: पावन कामदा एकादशी के अवसर पर नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर द्वारा आदिकेशव तीर्थ पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान “स्वच्छता ही सेवा” के संकल्प के साथ धार्मिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संदेश दिया गया।

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में आदिकेशव घाट स्थित नक्षतेश्वर व वेदेश्वर महादेव मंदिर में पंचदेवों के विग्रहों की विधिवत सफाई की गई। जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में टीम के सदस्यों ने घंटों श्रमदान कर पूरे परिसर को गंगाजल से स्वच्छ किया। इसके बाद देव विग्रहों का स्नान, आरती और रुद्राष्टकम, गंगाष्टकम जैसे स्तोत्रों का सामूहिक गायन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं से अपील की गई कि पूजन सामग्री, निर्माल्य, खंडित प्रतिमाएं और फोटो फ्रेम नदियों में प्रवाहित न करें, बल्कि उनके निस्तारण के लिए पर्यावरण अनुकूल उपाय अपनाएं। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता भी जरूरी है, ताकि तीर्थ स्थल अपनी पवित्रता और स्वच्छता बनाए रख सकें।
इस सेवा कार्य में सत्यप्रकाश कुशवाहा, जय विश्वकर्मा, किरण पांडेय, सपना वर्मा, शिवा, आयुष त्रिपाठी समेत कई श्रद्धालुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।









