सोनभद्र । कस्बा के रामनगर स्थित डीहवार बाबा हनुमान मंदिर प्रांगण में जय बजरंग अखाड़ा समिति के तत्वावधान में चैत्र नवरात्रि एवं रामनवमी के उपलक्ष्य में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। बजरंगी झंडे के विसर्जन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पूर्व विधायक हरिराम चेरो एवं विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय गोपाल चंद्रवंशी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद अखाड़ा समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का भगवा गमछा ओढ़ाकर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया।नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने अपने संबोधन में मंदिर परिसर की चारदीवारी को मजबूत कराने का आश्वासन दिया।

वहीं मुख्य अतिथि हरिराम चेरो ने कहा कि विधायक न रहते हुए भी लोगों का सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मंदिर में जब भी अखंड रामायण का आयोजन होगा, उसका खर्च वह स्वयं वहन करेंगे।कार्यक्रम का संचालन मुख्य संरक्षक सुनील जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और हनुमान जी को अर्पित हलवा प्रसाद लेकर घर लौटे।कार्यक्रम में पंकज जायसवाल, रामलोचन तिवारी, दीपक शाह, सुरेंद्र गुप्ता, शंभू सोनी, जुबेर आलम, कृष्णकांत तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भव्य आयोजन के लिए समिति और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।











