बलिया। शहर के नारायणी टाकीज कैंपस में रविवार को सर्वजन सनातन पार्टी और विश्वव्यापी ब्राह्मण एकता मंच की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने सनातन धर्म, सामाजिक व्यवस्था और वर्तमान कानूनों पर अपने विचार रखते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित शीतला प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि एससी-एसटी एक्ट में उच्चतम न्यायालय की व्यवस्था के विपरीत संशोधन कर पहले गिरफ्तारी और बाद में जांच की व्यवस्था लागू करना शोषण को बढ़ावा देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कानूनों के माध्यम से सनातन संस्कृति और पारिवारिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप, एक्स्ट्रा मैरिटल संबंध और अन्य सामाजिक मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह भारतीय परंपराओं के विपरीत हैं। साथ ही शंकराचार्य परंपरा के अपमान और गौ संरक्षण के मुद्दे भी उठाए।
जिला अध्यक्ष पंडित लल्लन पाण्डेय ने कहा कि सवर्ण समाज को एकजुट रहने की आवश्यकता है और किसी अन्य राजनीतिक दल के प्रभाव में आने से बचना चाहिए। उन्होंने सर्वजन सनातन पार्टी को एक विकल्प बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में ब्रिकेश पाठक, राजेश्वर तिवारी, संतोष तिवारी, गणेश पाठक, नवीन शुक्ल, नीतीश पाण्डेय, कन्हैया पाण्डेय, आनंद शंकर मिश्र सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
होली मिलन समारोह में एकजुटता का संदेश
इसी परिसर में विश्वव्यापी ब्राह्मण एकता महासंघ (रजि.) बलिया इकाई द्वारा होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वांचल अध्यक्ष पंडित नवीन शुक्ल ने की, जबकि संचालन अंशुमाली पाण्डेय ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज को संगठित होकर सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आना होगा। समारोह में कन्हैया पाण्डेय, अशोक पाण्डेय, आनंद शंकर मिश्र, विनोद दुबे, डॉ. विनोद पाण्डेय, नरेंद्र उपाध्याय सहित कई लोग उपस्थित रहे।
बलिया रिपोर्टर- आनंद मोहन मिश्रा









