बलिया । जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना बांसडीहरोड पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा एवं थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई।
उल्लेखनीय है कि 27 मार्च 2026 को वादी बब्लू बिन्द द्वारा थाना बांसडीहरोड में तहरीर दी गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसके पड़ोसियों ने एक राय होकर लाठी-डंडा एवं धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें विश्वनाथ बिन्द की कमर टूट गई तथा कृष्णा बिन्द का पैर फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।मामले में थाना स्थानीय पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। इसी क्रम में 30 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक सतीश यादव अपनी टीम के साथ चेकिंग व दबिश के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त नन्दजी बिन्द (उम्र लगभग 55 वर्ष) निवासी ग्राम छोड़हर को शंकरपुर-घोरौली मार्ग से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाठी बरामद की गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया है।इस सफलता में उ0नि0 सतीश यादव, कांस्टेबल अमरेन्द्र यादव एवं कांस्टेबल सौरभ गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूती मिली है।
रिपोर्टिंग संजय सिंह बलिया।








