औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के लक्ष्मणपुर गांव निवासी राकेश यादव ने एक अनोखा कदम उठाते हुए जीवित रहते ही अपनी ‘तेरहवीं’ का आयोजन कर डाला। इस आयोजन के लिए उन्होंने करीब 1900 ग्रामीणों को बाकायदा निमंत्रण पत्र भेजा, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि राकेश यादव के परिवार में अब कोई सदस्य शेष नहीं है। उनके दो छोटे भाइयों का पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में भविष्य में उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार और तेरहवीं जैसी परंपराएं निभाने वाला कोई नहीं रहेगा। इसी चिंता के चलते उन्होंने यह अनोखा निर्णय लिया।
राकेश यादव ने अपनी तेरहवीं के लिए विधिवत कार्ड छपवाए और गांव के लोगों को भंडारे में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस अनूठे आयोजन को लेकर पूरे गांव में चर्चा का माहौल है और लोग इसे अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, यह आयोजन सामाजिक और मानवीय दृष्टि से भावुक करने वाला है, वहीं कई लोग इसे परंपराओं से हटकर एक अनोखी पहल भी मान रहे हैं।




