Search
Close this search box.

मिर्जापुर: इलाज के लिए जा रही माँ-बेटे व भतीजे को ट्रक ने कुचला, तीनों की दर्दनाक मौत


मिर्जापुर: जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में माँ, उसके 5 वर्षीय बेटे और भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी और तीनों को करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहिरूपुर सोनपुर निवासी देवती देवी (30 वर्ष), पत्नी अशोक कुमार, अपने पुत्र अभिषेक (5 वर्ष) को इलाज के लिए भतीजे अनुराग (19 वर्ष), पुत्र चंद्रवती, के साथ बाइक से अहरौरा की ओर जा रही थीं। जैसे ही वे रोशनहर के पास पहुँचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से रोक दिया और जमुई-अहरौरा मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुँचे उपजिलाधिकारी चुनार राजेश वर्मा और क्षेत्राधिकारी शिखा भारती ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।

ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं और निगरानी के अभाव में तेज रफ्तार वाहनों का संचालन जारी रहता है। जिला पंचायत सदस्य पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने की भी मांग उठाई।

पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजन लालजी की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन संख्या UP 65 LT 8115 को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।

घटनास्थल पर अदलहाट, जमालपुर, अहरौरा, चुनार और पड़री थानों की पुलिस बल तैनात रही।

रिपोर्टर: अनुप कुमार

Leave a Comment

और पढ़ें