चंदौली । जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के जलखोर गांव के सिवान में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे करीब 50 बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। तेज हवा के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कई खेत इसकी चपेट में आ गए।
आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत करते हुए घंटों प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
घटना को लेकर ग्रामीणों ने दमकल विभाग पर समय से न पहुंचने का आरोप लगाया है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि खेत में काम कर रहे हार्वेस्टर पर मौजूद मजदूरों द्वारा बीड़ी पीकर फेंकने से निकली चिंगारी से आग लगी, जिसने तेज हवा के कारण विकराल रूप ले लिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।









