Search
Close this search box.

कप्तानगंज रेलवे कॉलोनी में विकसित हुआ हरित पार्क, बच्चों और कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

वाराणसी। 01 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन की प्रेरणा से इंजीनियरिंग विभाग द्वारा कप्तानगंज रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे कॉलोनी की खाली पड़ी भूमि को विकसित कर सुंदर हरित पार्क का रूप दिया गया है। गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर स्थित इस कॉलोनी में बनाए गए पार्क से स्थानीय निवासियों को अब स्वच्छ और हरित वातावरण का लाभ मिलेगा।

इस पार्क का निर्माण वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (प्रथम) श्री शैलेन्द्र सिंह, सहायक मंडल इंजीनियर (गोरखपुर पूर्व) श्री मनीष तिवारी तथा सीनियर सेक्शन इंजीनियर (वर्क्स) कप्तानगंज श्री के.एस. लाल के सक्रिय सहयोग से किया गया है। पार्क में बच्चों के लिए झूले, सी-सॉ सहित विभिन्न खेल उपकरण लगाए गए हैं, जिससे बच्चों को सुरक्षित और आनंददायक खेल का स्थान मिल सके।

इसके साथ ही कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों के लिए मॉर्निंग वॉक और जॉगिंग ट्रैक की भी व्यवस्था की गई है। पार्क में आकर्षक सजावटी पौधों और फूलों का रोपण किया गया है, जो समय के साथ इसकी सुंदरता को और बढ़ाएंगे। यह पार्क न केवल मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि लोगों को प्रकृति के करीब रहने का अवसर भी प्रदान करेगा।

मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पार्क पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगा।

उन्होंने कॉलोनीवासियों से अपील की कि वे पार्क की स्वच्छता और रख-रखाव का विशेष ध्यान रखें, ताकि यह सुविधा लंबे समय तक सभी के लिए लाभकारी बनी रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें