वाराणसी । के लोहता थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटवा तड़िया गांव में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े बिजली बिलों को लेकर ग्रामीण महिलाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। गांव की दर्जनों महिलाओं ने एकजुट होकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
महिलाओं का कहना है कि पहले पुराने मीटर के आधार पर उनके घरों का बिजली बिल लगभग 200 रुपये प्रति माह आता था, लेकिन अब स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद वही बिल बढ़कर 2000 से 3000 रुपये प्रति माह हो गया है। इस अचानक बढ़ी लागत ने गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर दिया है।

महिलाओं ने बताया कि बढ़े हुए बिजली बिल के कारण बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और घर का खर्च चलाना बेहद कठिन हो गया है।ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग में शिकायत और प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। महिलाएं लगातार विभाग के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
महिलाओं ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि सरकार खुद को गरीबों और किसानों की हितैषी बताती है, इसलिए इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने मांग की कि बिजली बिलों की जांच कर उचित सुधार किया जाए और गरीब परिवारों को राहत प्रदान की जाए, ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें।








