उत्तर प्रदेश । आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को बड़ा झटका देते हुए उन्हें राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया है। पार्टी ने उनकी जगह अशोक मित्तल को नया उपनेता नियुक्त किया है और इस संबंध में राज्यसभा सचिवालय को औपचारिक पत्र भी भेज दिया है।
इसके साथ ही पार्टी ने सख्त रुख अपनाते हुए यह भी निर्देश दिया है कि अब सदन में राघव चड्ढा को पार्टी की ओर से बोलने का समय न दिया जाए।यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब राघव चड्ढा लगातार राज्यसभा में जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे थे।
उन्होंने एयरपोर्ट पर महंगी चाय, डिलीवरी बॉयज की समस्याएं, पैटरनिटी लीव, सैनेटरी पैड और टैक्स जैसे मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया था।
हालांकि, पार्टी ने इस फैसले के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह कार्रवाई अनुशासनहीनता और पार्टी लाइन से अलग रुख अपनाने के चलते की गई है। पहले भी उन पर पार्टी की आधिकारिक लाइन से अलग विचार रखने के आरोप लगते रहे हैं।







