बलिया । में अपूर्वा नर्सिंग होम में पथरी के ऑपरेशन के दौरान अनीशा राय की मौत के 24 दिन बाद भी आरोपित चिकित्सकों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पति शिवांशु राय (30) ने शुक्रवार को डीएम कार्यालय के सामने आत्मदाह का प्रयास किया। दोपहर करीब 12 बजे वह अचानक एडीएम कार्यालय की ओर पहुंचा और जेब से बोतल निकालकर अपने ऊपर डीजल उड़ेल लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और कोतवाली ले गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि दोषी डॉक्टरों को बचाया जा रहा है। पुलिस हिरासत में शिवांशु ने कहा कि उसकी पत्नी की मौत चिकित्सकीय लापरवाही से हुई, लेकिन डॉ. ज्योत्सना, रोहन गुप्ता सहित पांच आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उल्टा उसे ही गिरफ्तार करने के लिए घर और रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही है तथा घर पर नोटिस भी चस्पा किया गया है।
आत्मदाह की चेतावनी के चलते सुबह से ही डीएम कार्यालय परिसर को पुलिस छावनी में बदल दिया गया था। विभिन्न थानों की पुलिस और एलआईयू टीम तैनात रही। मेडिकल के बाद पुलिस ने शिवांशु का चालान कर उसे कोर्ट भेज दिया।
रिपोर्टिंग अवधेश यादव बलिया।







