वाराणसी । 17 अप्रैल 2026। इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ सिग्नल इंजीनियरिंग एंड टेलीकम्युनिकेशंस (IRISET) कवच ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) सिस्टम के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में IRISET के तत्वावधान में वाराणसी मंडल के भारतेंदु सभा कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों, तकनीशियनों और लोको निरीक्षकों के लिए कवच 4.0 पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में कवच प्रणाली के संस्करण 4.0 के उन्नयन, बेहतर स्थान सटीकता और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के साथ इसके सीधे इंटरफेस पर विस्तार से जानकारी दी गई। IRISET के उत्कृष्टता केंद्र द्वारा क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्रों के लिए ट्रैकसाइड और ऑनबोर्ड उपकरणों पर केंद्रित संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। कवच 4.0 की तेजी से तैनाती के साथ यह संस्थान उच्च-घनत्व रेल मार्गों के लिए कुशल कार्यबल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य वक्ता के रूप में आरडीएसओ, सिकंदराबाद के श्री एम. मुनिकुमार ने ‘कवच’ प्रणाली के तकनीकी पहलुओं, वर्तमान प्रगति, चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
प्रशिक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने संबंधित अधिकारियों को कवच प्रणाली से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे।







