Search
Close this search box.

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर लोहता पुलिस की सख्ती, नवागत सिपाहियों को बेहतर पुलिसिंग का पाठ

वाराणसी । के लोहता थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर नवागत पुलिसकर्मियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने नवागत 7 महिला आरक्षियों और 20 पुरुष कांस्टेबलों को कानून व्यवस्था बनाए रखने, जनता के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सभी पुलिसकर्मियों को मित्रवत व्यवहार के साथ संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के बाद थानाध्यक्ष ने नवागत पुलिसकर्मियों के साथ लोहता कस्बा, हरपालपुर और लोहता तिराहा क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने को कहा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा पुलिस टीम ने मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों से संवाद स्थापित किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने या सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।

अशोक कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।

Leave a Comment

और पढ़ें