Search
Close this search box.

डीडीयू मंडल में सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक, डीआरएम उदय सिंह मीना ने दिए कड़े निर्देश

चन्दौली। /पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में यात्रियों, रेलकर्मियों और रेलवे परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने की। उन्होंने डीडीयू जंक्शन, रेलवे यार्ड, कॉलोनियों तथा अन्य रेल परिसरों में उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों और निगरानी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआरएम ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में आरपीएफ के साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल सुरक्षा विभाग को देने और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास मार्ग, यार्ड और समपार फाटकों पर लगे सीसीटीवी कैमरे, मेटल डिटेक्टर, स्कैनिंग उपकरण, डॉग स्क्वॉड, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकता अनुसार ड्रोन तकनीक के उपयोग की समीक्षा की गई। संविदा कर्मियों के पहचान पत्रों के अनिवार्य प्रदर्शन और नियमित सत्यापन को भी जारी रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा रेल पथों के आसपास झाड़ियों की साफ-सफाई, परित्यक्त भवनों की निगरानी तथा संवेदनशील स्थलों की नियमित फील्ड मॉनिटरिंग को और मजबूत करने पर बल दिया गया। डीआरएम ने जीआरपी, स्थानीय प्रशासन, सिविल डिफेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश देते हुए गया जंक्शन सहित मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सतर्कता बढ़ाने को कहा।

संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।

Leave a Comment

और पढ़ें