वाराणसी। 15 मई 2026 भारतीय रेलवे के वाराणसी मंडल में ‘‘विश्व पर्यावरण दिवस’’ के उपलक्ष्य में 15 मई से 5 जून 2026 तक ‘‘पर्यावरण संरक्षण अभियान’’ की शुरुआत की गई। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक अशोक कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आर.जे. चौधुरी सहित सभी शाखाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पानी और ऊर्जा की बचत की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। अभियान के तहत स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और कार्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त पहल, पौधारोपण, ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिता तथा डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।15 से 18 मई तक पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, 19 से 22 मई तक प्लास्टिक कचरा निस्तारण एवं स्वच्छता अभियान, 23 से 26 मई तक कपड़े के थैले और पुन: उपयोग योग्य बोतलों के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
वहीं 27 से 30 मई तक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया जाएगा। 31 मई से 4 जून तक जल एवं ऊर्जा संरक्षण पर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जबकि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।








