वाराणसी । के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित तुलसी घाट पर मंगलवार भोर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। गाजीपुर जनपद के रेवतीपुर निवासी तुषार राय (21) गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तुषार अपने साथियों के साथ रात करीब तीन बजे गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें जेटी पार कर आगे जाने से मना भी किया, लेकिन वह चेतावनी के बावजूद गहरे पानी की ओर बढ़ गए। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह तेज धारा में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ जवानों ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद टीम ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाल लिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कार्रवाई में जुट गई है।








