उत्तराखंड । के ऋषिकेश स्थित योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। खांड गांव क्षेत्र में शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस अचानक बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार से आगे बढ़ी ट्रेन स्टेशन परिसर की दीवार तोड़ते हुए पटरी से उतर गई। हादसे में इंजन और तीन कोच पलट गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, पुलिस और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए। शुरुआती जांच में शंटिंग के दौरान तकनीकी खराबी या ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में कुछ कर्मचारियों और यात्रियों के घायल होने की सूचना है, हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे ने ट्रैक को खाली कराने और यातायात सामान्य करने का कार्य शुरू कर दिया है।








