बलिया । जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए प्रशासन मेडिकल कॉलेज निर्माण की तैयारियों में तेजी से जुट गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने पुरानी जेल परिसर का निरीक्षण कर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। करीब 15 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाले इस मेडिकल कॉलेज को जिले के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण से संबंधित नक्शों का अवलोकन किया और कार्यदाई संस्था से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि जून माह में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास प्रस्तावित है, इसलिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मेडिकल कॉलेज में शुरुआती चरण में 100 छात्रों का पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही ओपीडी क्षमता और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी योजना तैयार की जा रही है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वर्तमान में परिसर में संचालित सीएमओ कार्यालय को स्थानांतरित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग से जल्द एनओसी लेने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।
सजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







