Search
Close this search box.

प्रेमी से शादी के लिए दो बार मोबाइल टावर पर चढ़ी प्रेमिका नाजिया, बेंगलुरु से पहुंचा मेहताब, हुआ निकाह

बस्ती जिले के रुधौली तहसील क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से चर्चा में रही प्रेम कहानी का मंगलवार को सुखद अंत हो गया। प्रेमी से शादी की जिद में दो बार मोबाइल टावर पर चढ़ने वाली युवती नाजिया का निकाह आखिरकार उसके प्रेमी मेहताब के साथ संपन्न हो गया। निकाह के लिए मेहताब को आनन-फानन में बेंगलुरु से बस्ती पहुंचना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, रुधौली क्षेत्र के मझौवा कला गांव निवासी नाजिया की बहन का निकाह संतकबीरनगर के बेलहर सेंगर गांव में हुआ है। करीब तीन वर्ष पहले बहन के घर जाने के दौरान नाजिया की मुलाकात मेहताब से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। इसी दौरान मेहताब काम के सिलसिले में बेंगलुरु चला गया।

बताया जा रहा है कि जब नाजिया ने शादी का दबाव बनाया तो मेहताब किसी कारणवश पीछे हटने लगा। इसके बाद नाजिया ने अपने परिवार को शादी की इच्छा बताई। नाजिया के पिता रिश्ते की बात लेकर मेहताब के घर पहुंचे, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। बाद में उन्होंने हनुमानगंज चौकी में भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन वहां से भी कोई समाधान नहीं निकला।

प्रेमी की बेरुखी से परेशान नाजिया ने दो बार मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामला गंभीर होता देख रुधौली थाना प्रभारी संजय दुबे ने पहल की। उन्होंने संतकबीरनगर पहुंचकर मेहताब के परिवार से बातचीत की और वीडियो कॉल के जरिए टावर पर बैठी नाजिया की बातचीत कराई। परिवार की ओर से निकाह के लिए सहमति मिलने के बाद नाजिया सुरक्षित नीचे उतर आई।

वादे के मुताबिक मंगलवार को मेहताब बेंगलुरु से सीधे रुधौली पहुंचा। रुधौली थाने के पास स्थित एक मस्जिद में दोनों परिवारों और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में पूरे रीति-रिवाज के साथ दोनों का निकाह संपन्न कराया गया। इस अनोखी प्रेम कहानी की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें