बलिया । जनपद के विकास भवन सभागार में आयकर विभाग द्वारा वित्त मंत्रालय की ‘प्रारम्भ-2026’ पहल के तहत नवीन आयकर अधिनियम, 2025 एवं आयकर नियम, 2026 पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य आयकर आयुक्त प्रयागराज श्रीमती मीनाक्षी सिंह एवं प्रधान आयकर आयुक्त प्रयागराज मानस मेहरोत्रा के मार्गदर्शन में हुआ।
मुख्य अतिथि संयुक्त आयकर आयुक्त परिक्षेत्र-1, वाराणसी श्रीमती अमनदीप कौर ने करदाताओं से नए प्रावधानों का अध्ययन कर समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। आयकर अधिकारी बलिया प्रवीन गिरी ने विशेष रूप से स्रोत पर कर कटौती (TDS) से संबंधित नियमों और उनके व्यावहारिक अनुपालन की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन आयकर निरीक्षक अनमोल पाठक ने किया। संगोष्ठी में वाराणसी और गाजीपुर के आयकर अधिकारी, राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी, डीडीओ, चार्टर्ड अकाउंटेंट, टैक्स बार, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में करदाता शामिल हुए। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान विभागीय अधिकारियों ने किया।
अंत में आयकर विभाग ने स्वैच्छिक कर अनुपालन और नए कानून के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। साथ ही बताया गया कि 15 से 31 जुलाई 2026 तक आयकर कार्यालय, बलिया में शिकायत निवारण शिविर आयोजित होगा, जहां करदाता अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।










