बलिया । जनपद के मनियर नगर पंचायत के बहेरापार स्थित श्री साईं बाबा मंदिर का स्थापना दिवस 31 जुलाई को श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे श्री साईं बाबा एवं नंदी भगवान के गंगाजल और दूध से पवित्र अभिषेक एवं स्नान से होगी।
इसके बाद सुबह 9 बजे विधि-विधान से पूजन और भव्य आरती संपन्न कराई जाएगी। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजक रौशन सिंह “चन्दन” ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। स्थापना दिवस को लेकर क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह ।










