गाजीपुर । जनपद के शादियाबाद थाना क्षेत्र के कनुवान ग्राम सभा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया गया कि जगत राम उर्फ जग्गू कनौजिया के पुत्र किशन कनौजिया (15) और शिवराज कनौजिया (14) अपने छोटे भाई अनंत राज के साथ गुरैनी-बलोरी नहर में नहाने गए थे। इसी दौरान शिवराज का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा।

छोटे भाई को बचाने के लिए किशन तुरंत नहर में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह भी पानी में समा गया। सामने खड़े छोटे भाई अनंत राज के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंचे जखनियां के उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने परिवार को हर संभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








