वसुल्तानपुर ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौमाता की रक्षा के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अब पूरे देश में “गोएलएक्स” नाम से एक विशेष वेबसाइट बनाई जाएगी, जिसके माध्यम से गाय बेचने के इच्छुक हिंदुओं से संपर्क कर गाय खरीदी जाएगी, ताकि कोई भी गाय कसाइयों तक न पहुंचे। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज कभी भी जानबूझकर गौमाता को कटने के लिए नहीं बेचता और इस संबंध में झूठा नैरेटिव फैलाया जा रहा है।
81 दिवसीय गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा पर निकले शंकराचार्य जी ने कहा कि कुछ टीवी चैनलों और बहसों में यह दिखाया जा रहा है कि मुसलमानों द्वारा गाय न खरीदने से हिंदू व्यापारी संकट में आ गए हैं, जबकि यह पूरी तरह भ्रामक प्रचार है। उन्होंने कहा कि यदि किसी हिंदू को यह पता चल जाए कि गाय काटी जाएगी तो वह किसी भी कीमत पर उसे नहीं बेचेगा। जो लोग ऐसा करते हैं, वे हिंदू संस्कृति और धर्म के अनुरूप नहीं हैं।
शंकराचार्य जी ने यह भी कहा कि यदि मुस्लिम समाज गौमांस खाना छोड़ दे तो हिंदू-मुस्लिम वैमनस्य काफी हद तक समाप्त हो सकता है। उन्होंने बताया कि कई मुस्लिम लोगों ने भी उनके गौ रक्षा अभियान का समर्थन किया है। मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शीघ्र ही “गोएलएक्स” वेबसाइट का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।









