गाजीपुर। जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा के तहत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास तथा ददरी घाट के पास बन रहे 200 बेड महिला छात्रावास का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समयसीमा और तकनीकी मानकों का विशेष रूप से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नर्सिंग कॉलेज भवन में कक्षों की संरचना, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह नर्सिंग कॉलेज भविष्य में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ 30 जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने 200 बेड महिला छात्रावास का निरीक्षण कर वहां बनने वाले आवासीय कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








