राजातालाब । स्थित शहंशाहपुर के भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में राजभाषा वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु राजभाषा जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के सहायक निदेशक (राजभाषा) अभिनव प्रकाश ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में वर्णित राजभाषा संबंधी प्रावधानों, राजभाषा अधिनियम तथा वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान सभी कार्मिकों के सहयोग से राजभाषा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के निदेशक राजेश कुमार ने सभी वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों से प्रशासनिक कार्य हिंदी में करने का आह्वान किया। उन्होंने पीएमई अध्यक्ष एवं प्रशासनिक अधिकारी को राजभाषा लक्ष्यों की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संस्थान के समग्र विकास के लिए राजभाषा का सफल क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।
प्रशासनिक अधिकारी बलवीर सिंह ने सभी अनुभागों को हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा सरकार की राजभाषा नीति के पालन पर जोर दिया। राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य रामेश्वर सिंह ने कार्यान्वयन में आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन अभिनव प्रकाश तथा धन्यवाद ज्ञापन आत्मानंद त्रिपाठी ने किया।








