Search
Close this search box.

पैतृक संपत्ति पर कब्जे के प्रयास का आरोप, परिवार ने मांगी सुरक्षा

वाराणसी । जनपद में प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत लक्सा थाना क्षेत्र में एक परिवार ने भूमाफियाओं द्वारा पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। रामकुंड निवासी अरविन्द कुमार सिंह ने प्रशासन को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उनकी पुश्तैनी संपत्ति भवन संख्या डी-54/157 नगर निगम अभिलेखों में वर्षों से उनके परिवार के नाम दर्ज है और वर्तमान में परिवार उसी पर काबिज है।

पीड़ित के अनुसार 17 मई 2026 को कुछ लोग संगठित होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। अरविन्द कुमार सिंह का आरोप है कि 19 मई को एक बार फिर बड़ी संख्या में लोग स्थानीय पार्षद सिंधू सोनकर की अगुवाई में पहुंचे और संपत्ति पर दबाव बनाते हुए कब्जे की कोशिश की गई।

परिवार का कहना है कि उक्त संपत्ति को लेकर सक्षम न्यायालय का निर्णय वर्ष 2022 में उनके पक्ष में आ चुका है, इसके बावजूद लगातार दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेश की अवमानना करते हुए विवाद उत्पन्न करने की कोशिश की जा रही है।

अरविन्द कुमार सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और वीडियो उनके पास सुरक्षित हैं, जिन्हें जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराया जाएगा। परिवार ने सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें