लखनऊ । के थाना सआदतगंज क्षेत्र स्थित अम्बरगंज चौकी से जुड़े वायरल वीडियो मामले में नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर अब कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार जिस युवक ने पुलिसकर्मी पर आरोप लगाए हैं, उसके खिलाफ थाना सआदतगंज में पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
सूत्रों और स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस केवल पूछताछ के उद्देश्य से युवक को घर बुलाने पहुंची थी। इसी दौरान युवक द्वारा खुद पर हमला दिखाकर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया जा रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
जानकारी यह भी सामने आई है कि युवक मौके से वीडियो बनाते हुए फरार हो गया। वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि संबंधित युवक पर पहले गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने की बात कही जा रही है।
हालांकि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







