Search
Close this search box.

ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड जवान की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

गाजीपुर । मरदह थाना क्षेत्र में ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे होमगार्ड जवान की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अलावलपुर, थाना जंगीपुर निवासी वंशनराण राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी–गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर बरही गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए मऊ स्थित चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जवान की मौत से होमगार्ड विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है।

रिपोर्टिंग मरदह धमेंद्र कुमार।

Leave a Comment

और पढ़ें