बलिया । जनपद के रसड़ा स्थित सहदेव पौधरिया महाविद्यालय के प्रांगण में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक घूरा राम की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और हजारों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन घूरा राम के सुपुत्र संतोष कुमार गर्ग, चिलकहर ब्लॉक प्रमुख आदित्य गर्ग तथा सुभाष राम के सुपुत्र अभय कौशल के संयुक्त प्रयास से किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने घूरा राम के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और जनसेवा के कार्यों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अंबिका चौधरी, फेफना विधानसभा क्षेत्र के विधायक संग्राम सिंह यादव, बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव अनुसूचित मोर्चा राजेंद्र प्रसाद, कांग्रेस नेता संतोष पाठक सहित चंद्रशेखर सिंह, सियाराम यादव, सियाराम राम, धनंजय भारती, रामनिवास राम समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सभा में सभी दलों के नेताओं की उपस्थिति ने घूरा राम के व्यापक जनाधार और सर्वस्वीकार्य राजनीतिक व्यक्तित्व को दर्शाया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









