Search
Close this search box.

राजातालाब में ऐतिहासिक रथयात्रा मेले का भव्य शुभारंभ, जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

राजातालाब । भैरव तालाब, राजातालाब में गुरुवार को आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक रथयात्रा मेले का शुभारंभ कुंवर अनंत नारायण सिंह ने रानी बाजार स्थित किला परिसर से भगवान जगन्नाथ जी का रथ खींचकर किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘जय जगन्नाथ’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ रथ को रानी बाजार से राजातालाब, कचनार, बीरभानपुर और ओदार होते हुए भैरव तालाब स्थित भगवान लक्ष्मी नारायण मंदिर तक पहुंचाया।

कुंवर अनंत नारायण सिंह हाथी पर सवार होकर घुड़सवारों तथा पीएसी और पुलिस बल के साथ यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। मेला परिसर पहुंचकर उन्होंने रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी का दर्शन-पूजन किया तथा यजमानों को दक्षिणा देकर परंपरा का निर्वहन किया।

मेले में क्षेत्र सहित दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने सर्कस, झूले, जादूगर, रंग-बिरंगे खिलौनों, आम, नानखटाई और मिठाइयों की दुकानों का आनंद लिया। मेला समिति अध्यक्ष राजकुमार की देखरेख में एडीसीपी नृपेंद्र सिंह, एसीपी राजातालाब बीर सिंह समेत गोमती जोन के विभिन्न थानों की पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। सुरक्षा के लिए मेला परिसर में चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।

रथयात्रा से पूर्व किला परिसर स्थित दरबार में क्षेत्र के चयनित लोगों ने कुंवर अनंत नारायण सिंह को नजराना स्वरूप मुद्रा भेंट कर परंपरा निभाई। इस अवसर पर राजकुमार राजभर, पुरुषोत्तम सिंह, अनिल प्रताप सिंह, निलय सिंह, सुशील सिंह तोयज, प्रदीप सिंह, अखिलानंद, राजू, राजेंद्र पटेल, अनवर और शिवकुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें