लखनऊ। राजधानी में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एडीसीपी क्राइम किरन यादव को सूचना मिली थी कि सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित ओमेक्स रेजिडेंसी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में अवैध कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पूरे ऑपरेशन को गोपनीय रखा और खुद इसकी कमान संभाली।
इसके बाद पुलिस टीम के साथ एडीसीपी क्राइम अपार्टमेंट पहुंचीं और चिन्हित फ्लैट में छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से आठ लोगों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में अवैध कॉल सेंटर संचालित किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस टीम अब बरामद उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में पूछताछ जारी है। पुलिस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी और अन्य खुलासे जल्द सामने आने की संभावना है।








