दुद्धी सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच कुल 501 पौधों का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि चेयरमैन कमलेश मोहन ने बच्चों को पौधे वितरित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
विद्यालय के मैनेजर डॉ. लवकुश प्रजापति ने विद्यार्थियों को पौध संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे समय-समय पर पानी देना और सुरक्षित रखना भी जरूरी है। कार्यक्रम में बच्चों और शिक्षकों ने पौधों को जीवित रखने का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय स्टाफ, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







