बलिया । राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को विकास भवन सभागार में टीबी मरीजों के लिए पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने 50 टीबी मरीजों को अपने हाथों से पोषण पोटली वितरित कर नियमित उपचार और पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया।
पोषण पोटली में प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री राजमा, भुना चना, गुड़, चने का सत्तू और प्रोटीनेक्स पाउडर शामिल किया गया। जिलाधिकारी ने मरीजों को प्रोटीनेक्स पाउडर के सही उपयोग की जानकारी देते हुए कहा कि संतुलित पोषण से रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, जिससे टीबी के इलाज में तेजी से लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1700 टीबी मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है, जिसे एक सप्ताह में पूरा किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान में बलिया ने प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। जिले के 592 हाई रिस्क गांवों में हैंड-हेल्ड एक्स-रे से स्क्रीनिंग का लक्ष्य पूरा किया गया।

उन्होंने कहा कि टीबी पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच और नियमित इलाज से मरीज स्वस्थ हो सकते हैं। कार्यक्रम में सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









