Search
Close this search box.

वाराणसी: तेरही में गए परिजन, सूने मकान से 12 लाख के गहने व नकदी चोरी; एक महीने में तीसरी बड़ी वारदात

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के गड़वा-काजिसराय मार्ग स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मेन गेट का ताला काटकर घर में घुसे और लगभग 12 लाख रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मकान मालिक अश्वनी पटेल के पिता का 24 मई 2026 को निधन हो गया था। परिवार के सभी सदस्य काजिसराय स्थित पुराने घर पर तेरही कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान बंद पड़े मकान का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि जिस मकान में चोरी हुई, उससे करीब 500 मीटर दूर परिवार के लोग मौजूद थे, लेकिन किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।

चोरों ने घर के तीन कमरों को खंगाला और अलमारी, बक्सों तथा बॉक्स बेड के ताले तोड़ दिए। परिजनों के अनुसार, चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात के साथ तेरही कार्यक्रम के लिए रखे गए करीब 1.50 लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गए।

सुबह जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा मिला और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

गौरतलब है कि पिछले एक महीने के भीतर क्षेत्र में यह तीसरी बड़ी चोरी की घटना है। इससे पहले 14 मई को गड़वा गांव में कालीचरण प्रजापति के बंद मकान में शौचालय के रास्ते घुसकर करीब तीन लाख रुपये की चोरी की गई थी। वहीं उसी दिन बालीपुर गांव निवासी राधेश्याम यादव के बंद मकान को भी चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान पार कर दिया था।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की सूचना पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें