Search
Close this search box.

बनारस से अयोध्या होते हुए लखनऊ का सफर हुआ आसान, वाराणसी से नई स्पेशल ट्रेन रवाना

वाराणसी। बनारस से लखनऊ जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब यात्रियों को अयोध्या होते हुए लखनऊ पहुंचने के लिए एक और ट्रेन सुविधा उपलब्ध हो गई है। गुरुवार को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से नई स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया गया।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सुबह 6:20 बजे हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया। ट्रेन के शुभारंभ के दौरान रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और यात्रियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

यह स्पेशल ट्रेन वाराणसी से चलकर बाबतपुर, जौनपुर जंक्शन, शाहगंज जंक्शन, मालीपुर, अकबरपुर, गोसाईगंज, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, रुदौली, दरियाबाद और बाराबंकी जंक्शन होते हुए लखनऊ जंक्शन तक पहुंचेगी। इस नई सेवा से पूर्वांचल के यात्रियों को अयोध्या और लखनऊ के लिए सीधी एवं सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

ट्रेन के शुभारंभ अवसर पर राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि नई ट्रेन के संचालन से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, साथ ही यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।

वहीं, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ मिलेगा। नई ट्रेन सेवा से धार्मिक, व्यावसायिक और सामाजिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें