वाराणसी। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में बुधवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं वामन चरित्र प्रसंग का भव्य आयोजन हुआ। कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की झांकी, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए।
कृष्ण मोहन अग्रवाल, मदन मोहन अग्रवाल एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में पूज्य श्री संजय शास्त्री जी ने अपने मुखारविंद से श्रीकृष्ण जन्म एवं वामन अवतार की दिव्य कथाओं का रसपान कराया। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।
वामन अवतार की कथा में भगवान की दिव्य लीलाओं और राजा बलि की दानवीरता का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। पीले परिधानों में सजे भक्तों ने ढोल-नगाड़ों और बधाई गीतों के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उत्साहपूर्वक उत्सव मनाया।
इस अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक श्रीकांत शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। कार्यक्रम में रितु अग्रवाल, ममता अग्रवाल, सौम्या अग्रवाल, पूजा गौरव गुप्ता, कंचन भट्टाचार्य, वर्षा केशरी, मनोज अग्रवाल, डॉ. वीरेन्द्र केशरवानी, कृष्णा चौधरी, प्रियाली घोष, गरिमा टकसाली, उषा जैन, डॉ. ए.के. कौशिक, मोहित कौशिक, अनिल केशरी, मुरली गोपाल अग्रवाल, अरविंद जैन, संजीव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में श्रीमद्भागवत कथा श्रवण का विशेष महत्व और पुण्य फल माना गया है। कथा का आयोजन 31 मई तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक अन्नपूर्णा ग्रैंडियोर, इंग्लिशिया लाइन, काशी विद्यापीठ गेट नंबर-2 के सामने किया जा रहा है।
आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर कथा का लाभ लेने का आग्रह किया है। 28 मई को श्रीकृष्ण बाल लीलाओं एवं गोवर्धन पूजा महोत्सव से जुड़े विशेष कथा प्रसंगों का आयोजन किया जाएगा।











