वाराणसी। जनपद के बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में संस्थान द्वारा 26 जून से 20 जुलाई 2026 तक आयोजित ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन बरेका खेलकूद मैदान में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप महाप्रबंधक, बरेका श्री सागर ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में श्री सागर ने कहा कि नियमित खेलकूद शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक जीवनशैली के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बच्चों से खेलों को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि जनसंपर्क अधिकारी, बरेका श्री राजेश कुमार ने कहा कि खेल एवं रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। शिविर में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फुटबॉल कौशल, शारीरिक दक्षता एवं व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि संस्थान, बरेका द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर में बास्केटबॉल, फुटबॉल, स्केटिंग, रोल बॉल, मार्शल आर्ट्स, शतरंज, चित्रकला, मेहंदी, अबेकस एवं जुंबा सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है।
समारोह में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं एनआईएस कोच विनोद कनौजिया, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राकेश जोशी, उप सचिव अरविंद तिवारी सहित प्रशिक्षु एवं अभिभावक उपस्थित रहे। स्वागत आनंद राय, संचालन आलोक कुमार सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन अखिलेश कुमार ने किया।







