मीरजापुर । जनपद के पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस को सोमवार को कई महत्वपूर्ण सफलताएं मिलीं। पुलिस ने नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगाने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

अदलहाट पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित अन्नू यादव निवासी भुइली को गिरफ्तार किया। वहीं कोतवाली देहात पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में रोहित निवासी भुईली पाण्डेय को गिरफ्तार किया। कछवां पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में इबरार निवासी पाण्डेयपुर को गिरफ्तार किया।इसी क्रम में लालगंज पुलिस ने नाबालिग से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में वांछित विष्णुकान्त उर्फ नेता निवासी कुरहरा, थाना मांडा, प्रयागराज को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।इसके अलावा लालगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खजुरी गांव से मोहित और करण सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से क्रमशः 10 और 15 लीटर, कुल 25 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब बरामद हुई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद में 24 व्यक्तियों का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत चालान किया गया। इनमें हलिया थाना क्षेत्र से सर्वाधिक आठ तथा कछवां और सन्तनगर से चार-चार लोग शामिल हैं।







