वाराणसी । जनपद के जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जनपद के दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक पीड़ित व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार जिला व तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण संतुष्टिपरक होना चाहिए। गलत रिपोर्ट लगाने या लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर जनसमस्याओं को सुनें और गंभीर मामलों में मौके पर जाकर समाधान कराएं।
डीएम ने अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा लंबित शिकायतों पर स्वयं फरियादियों से बात कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







